Census 2027: कल से गुरुग्राम में जनगणना, 16 से 30 अप्रैल तक चलेगी स्व-गणना; ऐसे घर बैठे खुद भर सकेंगे जानकारी
जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है। नागरिक 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना का कार्य अधिक सरल, पारदर्शी और तेजी से पूरा किया जा सके। विकास सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद लॉगिन कर पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना होगी। ऐसे करें स्व-गणना प्रक्रिया पूरी स्व-गणना के लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करें और वेरिफिकेशन कोड भरें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन में घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही घर का पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा (16 भाषाओं में से) चुनकर ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करें। फिर जिला और शहर का नाम भरें और मैप पर लाल मार्कर को अपने घर की सटीक लोकेशन पर सेट करें। फॉर्म में कुल 33 सवाल शामिल हैं, जिनमें मकान और परिवार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मांगी जाएगी। सभी जानकारी भरने के बाद उसे ध्यान से जांच लें और सबमिट करें। सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी मिलेगी। इसे स्क्रीनशॉट या फोटो के रूप में सुरक्षित रखें। यह आईडी एसएमएस और ईमेल पर भी प्राप्त होगी, जिसे गणना कर्मी के आने पर दिखाना होगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 17:33 IST
Census 2027: कल से गुरुग्राम में जनगणना, 16 से 30 अप्रैल तक चलेगी स्व-गणना; ऐसे घर बैठे खुद भर सकेंगे जानकारी #SubahSamachar
