पुल से 20 फीट नीचे गिरे स्कूटी सवार, एक की मौत
रामपुर रोड स्थित हनुमानमूर्ति रेलवे ओवरब्रिज पर मिनी ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार करीब 20 फीट नीचे गिर गए। इस बीच एक ठेकेदार की घटनास्थल पर मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने मिनी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरहट्टी चौराहे पर शव रखकर करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया। एसपी सिटी के आश्वासन के बाद गुस्साए लोगों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए उठाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। कोतवाली क्षेत्र के गुरहट्टी इलाके में मोहल्ला कटरा पूरन जाट दुर्गा मंदिर के सामने वाली गली निवासी तुषार प्रजापति (21) शादियों में डेकोरेशन के लिए ठेका लेता था। शुक्रवार रात तुषार अपने दोस्त लकी के साथ रामपुर में एक शादी समारोह में डेकोरेशन का कार्य करने के लिए रामपुर गया था। देर रात दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। हनुमानमूर्ति पुल पर देर रात 2:40 बजे पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रहे मिनी ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। दुर्घटना के दौरान स्कूटी उछल गई और स्कूटी सवार करीब 20 फीट नीचे गिर गए। इस दौरान तुषार को गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी लकी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके साथ दूसरी बाइक पर आ रहे दो अन्य युवकों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने घायल लकी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, कटघर पुलिस ने तुषार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक मिनी ट्रक छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। शनिवार दोपहर पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। शव घर पहुंचा तो परिजन और मोहल्ले के लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। गुस्साए लोगों ने शव को गुरहट्टी चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद रोड के चारों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। स्थिति गंभीर होने के बाद सीओ कोतवाली सुनीता दहिया, कोतवाली थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया। इस बीच तुषार के बड़े भाई वंश सहित अन्य लोग चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह से परिजनों से फोन पर बात कर समझाया।एसपी सिटी ने शीघ्र चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 24, 2025, 19:23 IST
पुल से 20 फीट नीचे गिरे स्कूटी सवार, एक की मौत #SubahSamachar
