फतेहाबाद के टोहाना में सावित्री जिंदल ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन
हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टोहाना के डांगरा रोड स्थित लघु सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान एसडीएम आकाश शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद परेड में शामिल जवानों ने मार्चपास्ट कर सलामी दी। अपने संबोधन में सावित्री जिंदल ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आजादी के नायकों के बलिदान से ही आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारें हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से देश सेवा और एकता का संकल्प लेने का आह्वान भी किया। इससे पहले सावित्री जिंदल शहीद चौक पहुंचीं, जहां उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों से माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 15, 2026, 09:43 IST
फतेहाबाद के टोहाना में सावित्री जिंदल ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन #SubahSamachar
