सुल्तानपुर में अमन हत्याकांड में घरवालों ने अंतिम संस्कार करने से किया मना, बोले- पहले खुलासा हो
यूपी के सुल्तानपुर में युवक का अपहरण कर हत्या करने वाले आरोपियों से सोमवार की तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। इसे पकड़ लिया गया। जबकि, इसका साथी भागने में सफल रहा। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। हालांकि सोमवार की सुबह घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले केस का पूरी तरह खुलासा हो, हत्या का कारण पता चले। इसके बाद अंतिम संस्कार करेंगे। सूचना पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार प्रांजल तिवारी, नायब तहसीलदार अभयराज पाल, सीओ ऋतिक कपूर, प्रभारी निरीक्षक लंभुआ संदीप राय, प्रभारी निरीक्षक शिवगढ़ चंद्रभान वर्मा परिजनों को समझाने में जुटे रहे। बताते चलें कि चांदा थाना क्षेत्र के साढ़ापुर निवासी अमन यादव (24) की शनिवार की शाम अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। रविवार सुबह उसका शव नदी में मिला था। अपहरण का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तड़के पहर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस का सामना दो आरोपियों से हो गया। इस दौरान पैर में गोली लगने से दीपक यादव उर्फ़ राका घायल हो गया। वहीं एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस पहले ही इस केस में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 08, 2025, 11:24 IST
सुल्तानपुर में अमन हत्याकांड में घरवालों ने अंतिम संस्कार करने से किया मना, बोले- पहले खुलासा हो #SubahSamachar
