15 अगस्त की सुरक्षा को लेकर जंडियाला गुरु में ग्रामीण पुलिस का फ्लैग मार्च
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अमृतसर ग्रामीण पुलिस की ओर से जंडियाला गुरु क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना रहा। एसएसपी अमृतसर ग्रामीण के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में डीआईजी बॉर्डर रेंज इंदरबीर सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए अमृतसर ग्रामीण में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। फ्लैग मार्च में चार डीएसपी, छह एसएचओ समेत करीब 600 पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। डीआईजी ने कहा कि अमृतसर जिला सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण स्वतंत्रता दिवस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। वीआईपी मूवमेंट, महत्वपूर्ण संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जरूरत के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को अपने आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इसके लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करने की अपील की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 15, 2026, 10:55 IST
15 अगस्त की सुरक्षा को लेकर जंडियाला गुरु में ग्रामीण पुलिस का फ्लैग मार्च #SubahSamachar
