ग्रेटर नोएडा: रॉस टेलर ने कहा- भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बिग लीग खिलाड़ियों को दे रहा बड़ा मंच
ग्रेटर नोएडा। भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में कई खिलाड़ियों को उचित मंच नहीं मिल पाता। बिग लीग जैसे टूर्नामेंट ऐसे ही क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। यह बात न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज रॉस टेलर ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित होटल एक्सपो इन में कही। मुंबई मरीन का प्रतिनिधित्व कर रहे रॉस टेलर ने कहा कि भारत में टैलेंट भरपूर है, लेकिन उसे निखारने के लिए बेहतर सुविधाओं और अवसरों की जरूरत है। उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले प्रवीण तांबे का उदाहरण देते हुए कहा कि 41 वर्ष की उम्र में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। उनका कहना है कि भारत में खेलना हमेशा अच्छा रहा हैं। दरअसल, ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3 से 13 जून तक बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) का आयोजन किया जाएगा। इस लीग में छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। पहले दिन और फाइनल में एक-एक मैच होगा, जबकि अन्य दिनों में दो-दो मुकाबले खेले जाएंगे। 8 जून को अवकाश रहेगा। लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह (आरपी सिंह) ने बताया कि इस टूर्नामेंट में करीब 90 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 30 पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 60 शौकिया क्रिकेटर शामिल होंगे। विजेता टीम को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि इस लीग की खास बात यह है कि इसमें किसान, डिलीवरी बॉय, वकील, डॉक्टर, बिजनेसमैन, पत्रकार और सीईओ जैसे विभिन्न पेशों से जुड़े खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। इस वर्ष इंपैक्ट प्लेयर शौकिया खिलाड़ी होंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जो गेट नंबर-1 एंट्री मिलेगी। लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक टीम में 10-10 शौकिया खिलाड़ी और 06-06 पूर्व खिलाड़ी होंगे। हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले शौकिया खिलाड़ियों को प्लेटिनम, गोल्ड, सिल्वर और कांस्य श्रेणी के अनुसार नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। 30 रन बनाने वाले खिलाड़ी को कांस्य पदक के आधार पर 30 हजार रुपये, 50 रन बनाने पर रजत के तौर पर 50 हजार रुपये और 75 रन बनाने वाले को स्वर्ण पदक दिया जाएगा व एक लाख रुपये और शतकीय पारी खेलने पर प्लेटिनम पदक दिया जाएगा। साथ ही दो लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। इस मौके पर अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर असगर अफगान व मुंबई मरीन टीम के खिलाड़ी मनन शर्मा भी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 18:53 IST
ग्रेटर नोएडा: रॉस टेलर ने कहा- भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बिग लीग खिलाड़ियों को दे रहा बड़ा मंच #SubahSamachar
