फतेहाबाद में रोडवेज ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, किरमारा धाम से लौट रहे सास-ससुर घायल; बहू की मौत
गांव धांगड़ के पास शनिवार दोपहर को बस और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस टक्कर में गांव भोडिया खेड़ा निवासी बहू की मौत हो गई, जबकि उसके सास-ससुर घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से घायल ससुर को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया जबकि सास को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। ससुर को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों में गांव भोडिया खेड़ा निवासी दलीप और कमला है। दुर्घटना में बहू कविता की मौत हुई है। घायल दलीप ने बताया कि शनिवार सुबह मोटरसाइकिल पर पत्नी और बहू के साथ किरमारा स्थित धाम में गए थे। जब वापस लौट रहे थे गांव धांगड़ के पुल के पास मोटरसाइकिल को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीन घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस कंट्रोल रूम में सूचना दी। तीनों को नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां पर बहू कविता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 11, 2026, 13:19 IST
फतेहाबाद में रोडवेज ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, किरमारा धाम से लौट रहे सास-ससुर घायल; बहू की मौत #SubahSamachar
