भिवानी में शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कांग्रेस की रैली के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली को लेकर भिवानी कांग्रेस तैयारियाें में जुटी है। रविवार को रोहतक रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रैली की सफलता को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और उन्हें भीड़ जुटाने से लेकर दिल्ली कूच तक की जिम्मेदारियां सौंपी। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि देश का युवा और आम नागरिक अब भाजपा सरकार की नीतियों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर आक्रोशित है। 14 दिसंबर की रैली भाजपा सरकार के वोट चोरी के मुद्दे को पूरे देश में तेज हवा देने का काम करेगी। यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। गुलिया ने कहा कि मौजूदा सरकार ने जिस तरह से जनादेश के साथ खिलवाड़ किया है, उसके खिलाफ अब सड़क पर उतरकर संघर्ष करने का समय आ गया है। रामलीला मैदान से जो आवाज उठेगी, वह पूरे देश में बदलाव का संदेश देगी। शहरी जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि इस महारैली में भिवानी से ऐतिहासिक भागीदारी होगी। भिवानी के हर वार्ड और बूथ स्तर से कार्यकर्ता और आमजन भारी तादाद में दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा भी बैठक में तय कर ली गई है। इस मौके पर कोऑर्डिनेटर मामराज स्वामी, सत्यजीत पिलानिया, धीरज सिंह, कुंवर बीर सिंह, बलबीर सरोहा, कुलवंत कोंटिया, मा. बलवंत घणघस, ईश्वर मान, रूपेंद्र ग्रेवाल मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 07, 2025, 16:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


भिवानी में शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कांग्रेस की रैली के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां #SubahSamachar