सिरमौर: बारिश भी नहीं रोक पाई जज्बा, रेणुका झील की सफाई में उतरीं सैकड़ों महिलाएं
भारी बारिश के बीच भी ऐतिहासिक रेणुका झील को स्वच्छ बनाने का अभियान रविवार को जारी रहा। मां रेणुकाजी सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे सेवा श्रमदान में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। करीब दर्जनभर महिला मंडलों से जुड़ी सैकड़ों महिलाएं बारिश की परवाह किए बिना झील में उतरीं और सफाई अभियान में जुट गईं। महिलाओं ने झील के भीतर उगी खरपतवार, घास, सरकंडे और झाड़ियों को जड़ सहित निकालकर बाहर किया। सफाई के दौरान निकले कचरे और वनस्पति को बाद में ट्रैक्टरों में भरकर उचित स्थान पर पहुंचाया गया। समिति के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने बताया कि मां रेणुकाजी सेवा समिति ने रेणुका झील की स्वच्छता को लेकर नियमित सेवा श्रमदान का संकल्प लिया है। समिति की ओर से हर रविवार के अलावा धार्मिक आयोजनों और विशेष पर्वों के दौरान भी झील की सफाई की जाती है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ महिला मंडल, नवयुवक मंडल तथा स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की भागीदारी से सफाई अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। कुलदीप ठाकुर ने कहा कि महिला मंडलों से जुड़ी महिलाएं विशेष उत्साह के साथ इस अभियान में हिस्सा ले रही हैं। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं का झील में उतरकर श्रमदान करना पर्यावरण और धार्मिक स्थल की स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। समिति का उद्देश्य रेणुका झील की स्वच्छता बनाए रखने के साथ स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भी इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। नियमित श्रमदान के जरिए झील क्षेत्र में जमा होने वाली अनावश्यक वनस्पति और गंदगी को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 30, 2026, 14:23 IST
सिरमौर: बारिश भी नहीं रोक पाई जज्बा, रेणुका झील की सफाई में उतरीं सैकड़ों महिलाएं #SubahSamachar
