रायबरेली के लालगंज में मकान का जर्जर छज्जा गिरने से महिला की मौत

रायबरेली में लालगंज कस्बा के अंबेडकर मार्ग स्थित गंदी गली में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर मकान का दूसरी मंजिल का छज्जा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मोहल्ला निवासी सुमन सोनी (45) का घर उनके परिवार के शिवशंकर सोनी के मकान से जुड़ा हुआ है। बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने बेटे शिवांशु को बुलाने के लिए छत पर गई थीं। वह शिवशंकर के मकान के छज्जे पर खड़ी थीं। तभी जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे के साथ वह भी करीब बीस फुट ऊंचाई से नीचे आ गिरीं। मलबे की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मकान में नीचे कमरे में सो रही शिवशंकर की बुजुर्ग मां फूलमती शकपका गई। हालांकि वह कमरे में थी इसलिए वह बाल बाल बच गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुमन सोनी के पति दयाशंकर का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनका इकलौता बेटा शिवांशु अविवाहित है और कस्बे की एक दवा की दुकान पर नौकरी करता है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिवारीजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 16, 2026, 14:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


रायबरेली के लालगंज में मकान का जर्जर छज्जा गिरने से महिला की मौत #SubahSamachar