Rampur Bushahr: खड़ाहन स्कूल में विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन
ननखड़ी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खड़ाहन में मंगलवार को विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश राणा के निर्देशानुसार स्कूल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया। जागरूकता शिविर में स्कूली बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में रेशमा, दीक्षित प्रथम, दीपिका, अन्वी नेगी द्वितीय, नितिन और रिवांश नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिवांश नेगी, प्रांशुल ने पहला, पारस, कार्तिक ने दूसरा, अकिल और दीक्षित ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य शिक्षिका कमला ठाकुर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य टीबी के बारे सभी में जागरूकता बढ़ाना है। हर वर्ष 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने टीबी के लक्षण, कारण और बचाव के तरीकों बारे सभी को विस्तृत जानकारी दी। टीबी की बीमारी के कई लक्षण है, बलगम वाली खांसी, बलगम में खून आना, बुखार, सीने में दर्द, शरीर के किसी हिस्से में गांठ होना, शारीरिक बदलाव,वजन में गिरावट, थकान और रात में पसीना आना सहित अन्य बीमारी के लक्षण हो सकते है। समय पर उपचार करवाने से बीमारी से बचा जा सकता है। पौष्टिक आहार खाएं, जिन लोगों को टीबी है या खतरा है उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि भारत को टीबी मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 15:07 IST
Rampur Bushahr: खड़ाहन स्कूल में विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन #SubahSamachar
