VIDEO: रागी का कबाब, बर्फी, सरसों का साग...रबी उत्पादकता गोष्ठी व मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम में पोषणयुक्त आहार की मिली सीख
कृषि विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी में बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी तथा श्रीअन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को आधुनिक तकनीक व पोषणयुक्त आहार की सीख मिली। उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि आगरा के प्रतिष्ठित होटलों में मिलेट्स के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई रेसिपी तैयार की गईं। इन व्यंजनों में बाजरा और रागी का कबाब, रागी की बर्फी, सरसों का साग, बाजरा और मक्के की रोटी, मक्के-चावल की खीर, रागी चॉकलेट बिस्किट आदि प्रमुख रहे। किसानों को इन पौष्टिक व्यंजनों के महत्व से अवगत कराया गया। वहीं, मुख्य अतिथि संयुक्त कृषि निदेशक आगरा मंडल संतोष कुमार सविता ने मिलेट्स उत्पादों के पोषण, उपयोग एवं बाजार संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभ भी समझाए। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के महत्व पर जोर दिया और कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उपायुक्त स्वत: रोजगार राजन राय ने किसान समूह कैसे बनाएं और समूहों को विभागीय योजनाओं से किस तरह लाभान्वित किया जा सकता है इसकी जानकारी दी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता राम सेवक राम ने बिजली संबंधित योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सिंचाई विभाग के नीरज कुमार सिंह ने नहर संचालन और सिंचाई प्रबंधन पर विस्तार से बताया। कृषि वैज्ञानिकों ने भी नवीनतम कृषि तकनीकों से किसानों को अवगत कराया गया। इस मौके पर कृषि रक्षा उप निदेशक राजेश कुमार, भूमि संरक्षण उप निदेशक नीरज राणा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, केवीके अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी नंद किशोर, इफको डिप्टी मैनेजर नरेंद्र सागर आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 04, 2025, 19:56 IST
VIDEO: रागी का कबाब, बर्फी, सरसों का सागरबी उत्पादकता गोष्ठी व मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम में पोषणयुक्त आहार की मिली सीख #SubahSamachar
