पानीपत के बिंझौल विद्यालय में पीटीएम आयोजित, अभिभावकों को सरकारी योजनाओं से कराया अवगत
राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय बिंझौल में दो दिवसीय पीटीएम का आयोजन, बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और अभिभावकों की सहभागिता पर रहा जोर संवाद न्यूज एजेंसी पानीपत। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय बिंझौल में 16 और 17 जुलाई को दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की गई। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू के निर्देशन में आयोजित बैठक का उद्देश्य अभिभावकों की विद्यालयी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाना और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना रहा। विद्यालय इंचार्ज हरिओम ने बताया कि दूसरी और तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों के मोबाइल में निपुण हरियाणा पेरेंट्स ऐप इंस्टॉल कर उसे उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र निपुण विद्यार्थियों की माताओं के बैंक खाते में 2100 रुपये की राशि मिलने संबंधी जानकारी भी दी गई। पीटीएम में अभिभावकों को बच्चों के नियमित गृह-अध्ययन, पठन-पाठन और विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्हें गर्मी और बरसात के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया। हरिओम ने कहा कि नियमित पीटीएम से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी शिक्षक मिलकर विद्यालय और जिले को निपुण बनाने के लक्ष्य को अवश्य हासिल करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 17, 2026, 18:31 IST
पानीपत के बिंझौल विद्यालय में पीटीएम आयोजित, अभिभावकों को सरकारी योजनाओं से कराया अवगत #SubahSamachar
