पटियाला में बेरोजगार लाइनमैनों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज पुतला फूंक प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने पटियाला में पीएसपीसीएल (पावरकॉम) मुख्य कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बेरोज़गार लाइनमैनों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना को बेहद अमानवीय और बर्दाश्त से बाहर बताया है। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि कल पटियाला में अपनी मांगों को लेकर बैठे बेरोज़गार युवाओं पर पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसपी रैंक के एक अधिकारी ने खुद लाठियां बरसाईं और गुस्से में आकर प्रदर्शनकारियों पर हिंसक हमला किया। उगराहां ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार ने पुलिस को यही सिखाया है क्या नौकरियों की मांग करने वाले युवाओं को इस तरह पीटना ही आपका फर्ज है इस हिंसक लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने एक नौजवान का मोबाइल तक छीन लिया और जेबें टटोलीं, जो कि सीधे तौर पर ज्यादती है। किसान नेता ने कहा कि इस दमनकारी कार्रवाई के विरोध में उगराहां ने फैसला किया है कि आज पंजाब के सभी गाँवों और कस्बों में सरकार और प्रशासन के खिलाफ अर्थी फूंक मुज़ाहिरे किए जाएंगे। उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़ी अन्य किसान यूनियनों और क्षेत्रीय जत्थेबंदियों से भी अपील की है कि वे इस संघर्ष में साथ आएं और जहां भी संभव हो, मिलकर संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन आयोजित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन बेरोज़गार लाइनमैनों के आगामी कार्यक्रमों को देखने के बाद उनके समर्थन में आगे की रणनीति तय करेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 09:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


पटियाला में बेरोजगार लाइनमैनों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज पुतला फूंक प्रदर्शन #SubahSamachar