जींद में 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे से पहले तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, MP ने हेलीपैड और रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे की तैयारियों को लेकर सोमवार को राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। जनसभा की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस लाइन में प्रस्तावित हेलीपैड, रेलवे स्टेशन, हुड्डा ग्राउंड तथा नए बस अड्डे के सामने स्थित सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए, साफ-सफाई, शौचालयों की व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था का पूर्वाभ्यास भी किया जाए, ताकि आयोजन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 14:27 IST
जींद में 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे से पहले तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, MP ने हेलीपैड और रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण #SubahSamachar
