चार दिन से बिजली गुल, जलभराव से त्रस्त लोगों ने चुर्खी रोड पर लगाया जाम
शहर के चुर्खी रोड क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से नाराज लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने और सड़क पर जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने चुर्खी रोड पर जाम लगा दिया। जाम के चलते करीब एक घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र के निवासी पिछले चार वर्षों से सड़क की बदहाली और जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। हल्की सी बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ और पानी से भर जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में आई तेज आंधी के बाद से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चार दिन बीत जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। लोगों का कहना है कि मोटरें नहीं चल पा रहीं, जिससे घरों में पानी तक उपलब्ध नहीं है और परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। रात में पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर में रहने के बावजूद उन्हें गांव से भी बदतर परिस्थितियों में जीवन यापन करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। जाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने और सड़क व जलभराव की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी लंबे समय तक अपनी मांगों पर अड़े हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 11:14 IST
चार दिन से बिजली गुल, जलभराव से त्रस्त लोगों ने चुर्खी रोड पर लगाया जाम #SubahSamachar
