Video: शिलाई बाजार में अवैध पार्किंग और यातायात जाम पर लोग भड़के
शिलाई बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर अवैध पार्किंग और बार-बार लग रहे ट्रैफिक जाम से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। शिलाई नागरिक सभा के बैनर तले लोगों ने बाजार में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही अवैध पार्किंग पर तुरंत कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बाजार में करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शिलाई के एसडीएम जसपाल सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिक सभा के सदस्य सुभाष राणा, बलदेव चौहान (वकील), अत्तर सिंह, खजान सिंह, जगदीश चंद, विनोद चौहान, ललित शर्मा, बलबीर राणा, सुरेंद्र सिंह, बंसी राम, सियाराम और मुकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि शिलाई बाजार से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर निजी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन जाती है। इसके चलते स्थानीय व्यापारियों, आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालक दुकानों के सामने इस तरह वाहन खड़े कर देते हैं कि ग्राहकों के आने-जाने तक के लिए जगह नहीं बचती। नागरिक सभा ने यह भी आरोप लगाया कि जब दुकानदार वाहन हटाने को कहते हैं तो कई बार चालक उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। सभा ने प्रशासन से मांग की कि शिलाई बाजार में एनएच-707 के किनारे अवैध पार्किंग पर तुरंत रोक लगाई जाए, बाजार क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाए। साथ ही बाजार के लिए उपयुक्त स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था चिन्हित कर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए नियमित पुलिस तैनाती सुनिश्चित की जाए। एसडीएम जसपाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि वर्षाशालिका के पास रात्रि के समय बसों का ठहराव न होने दिया जाए। बाजार क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 11, 2026, 16:17 IST
Video: शिलाई बाजार में अवैध पार्किंग और यातायात जाम पर लोग भड़के #SubahSamachar
