Lohaghat: पिंजरे से मांस खाकर चंपत हुआ तेंदुआ, लोगों ने वन विभाग के खिलाफ की नारेबाजी, जल्द पकड़ने की मांग
लोहाघाट के बाराकोट ब्लॉक के ग्राम सभा च्यूरानी के धरगड़ा तोक में तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे से मांस खाकर तेंदुआ चंपत हो गया। उसके कैद नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने वन विभाग पर पिंजरा लगाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। नौ दिसंबर को तेंदुए के ग्रामीण को मौत के घाट उतारने के बाद लोग दहशत में हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बाराकोट में बुधवार को जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में वन विभाग के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को च्यूरानी के धरगड़ा तोक में तेंदुए ने देव सिंह अधिकारी को मार डाला था। घटना के बाद वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया। रात में तेंदुआ पिंजरे तक आया भी। वह वहां रखे मांस को खाकर आसानी से बाहर भी आ गया। लोगों ने पिंजरे को अच्छी तरीके से लगाने और तेंदुए को नरभक्षी घोषित कर गोली मारने के आदेश देने की मांग की है। इस मौके पर उमेश चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, अशोक जोशी, विनोद जोशी, धन सिंह अधिकारी, गोविंद लाल वर्मा, शुभम नाथ, भोला प्रसाद आदि मौजूद थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 11, 2025, 12:53 IST
Lohaghat: पिंजरे से मांस खाकर चंपत हुआ तेंदुआ, लोगों ने वन विभाग के खिलाफ की नारेबाजी, जल्द पकड़ने की मांग #SubahSamachar
