भिवानी: पेयजल किल्लत से गुस्साए लोगों ने लगाया हाईवे पर जाम, डेढ़ घंटा बाद हुई पानी की आपूर्ति
पिछले सप्ताह भर से पानी की राशनिंग झेल रहे लोगों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर हनुमान गेट क्षेत्र की महिलाओं और लोगों ने चौक पर जाम लगा दिया। करीब साढ़े 11 बजे इलाके के लोगों ने नेशनल हाईवे का रास्ता बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने पेयजल आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, लेकिन महिलाएं नहीं मानी। करीब एक बजे पानी की आपूर्ति हुई तो महिलाएं अपने घर को वापस लौटी। दरअसल गर्मी के मौसम में पुराने शहर की कॉलोनियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए जलघर टैंकों में पानी नहीं बचा है। ऐसे में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भी पानी की राशनिंग कर एक दिन छोड़ एक दिन पानी की आपूर्ति दे रहा है। ऐसे में लोग पीने के पानी को भी तरस गए हैं। गर्मी में रोजमर्रा के कामों के लिए पानी की खपत बढ़ गई है, जबकि नल से एक दिन छोड़ एक दिन पानी टपक रहा है। जाम में काफी वाहन भी फंस गए। रास्ता खुलवाने के लिए जैन पुलिस चौकी प्रभारी मनीष वालिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं नहीं मानी। जेई के आश्वासन के बाद महिलाओं ने रास्ता तो खोल दिया, मगर मटके लेकर वार्ड पार्षद की अगुवाई में एक तरफ धरना देकर बैठ गए। जब एक बजे पेयजल आपूर्ति शुरू हुई तब जाकर महिलाएं घर लौटी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 12:50 IST
भिवानी: पेयजल किल्लत से गुस्साए लोगों ने लगाया हाईवे पर जाम, डेढ़ घंटा बाद हुई पानी की आपूर्ति #SubahSamachar
