चरखी दादरी: बदलते मौसम से अस्पतालों में बढ़े मरीज

जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है। बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में वायरल बुखार, सर्दी, खांसी और गले के संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। नागरिक अस्पताल के ओपीडी कक्ष के बाहर रोजाना लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में अचानक बदलाव के कारण शरीर जल्दी प्रभावित हो रहा है। महज एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान 22 डिग्री से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान में इस तेज बढ़ोतरी से दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है और दोपहर में पसीने छूट रहे हैं। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है, जिससे मौसम में उतार चढ़ाव साफ देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने, धूप में अधिक देर तक न रहने और पर्याप्त पानी पीने की हिदायत दी गई है। बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता ही बचाव का सबसे बेहतर उपाय माना जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 24, 2026, 15:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


चरखी दादरी: बदलते मौसम से अस्पतालों में बढ़े मरीज #SubahSamachar