जालंधर के सेंट्रल टाउन में कोलकाता म्यूजिक के मालिक से 1.80 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा
जालंधर के पॉश इलाके सेंट्रल टाउन में शुक्रवार देर रात टायर पंक्चर गैंग ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने कोलकाता म्यूजिक के मालिक कुलविंदर सिंह को निशाना बनाते हुए उनकी कार से करीब 1.80 लाख रुपए की नकदी, लैपटॉप और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित कुलविंदर सिंह के मुताबिक, रात करीब सवा आठ बजे वह दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। गीता मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार का शीशा खटखटाकर कहा कि टायर पंक्चर है। जब उन्होंने कार रोककर पीछे जाकर हवा भरनी शुरू की, तभी बदमाश कार का पिछला दरवाजा खोलकर सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए।कुलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की शिकायत थाना नंबर-3 में दर्ज करवाई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 09, 2026, 12:39 IST
जालंधर के सेंट्रल टाउन में कोलकाता म्यूजिक के मालिक से 1.80 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा #SubahSamachar
