जींद: अमर उजाला फाउंडेशन व युवा विकास समिति ने लगाया रक्तदान शिविर
अमर उजाला फाउंडेशन व युवा विकास समिति ने बुधवार को हुड्डा कॉम्प्लेक्स स्थित डीआरडीए मार्केट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में युवाओं ने कुल 95 यूनिट रक्त एकत्रित किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नर्सिंग अधिकारी मनीषा व गुलशन रोहिला ने शिरकत कर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। मनीषा बरसाना ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि रक्त किसी का जीवन बचा सकता है। उन्होंने समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी महसूस नहीं होती, बल्कि हर स्वस्थ व्यक्ति को हर छह महीने में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। समिति के अध्यक्ष एवं जिला युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप रेढू ने बताया कि संस्था लगातार सामाजिक कार्यों और रक्तदान शिविरों के माध्यम से जनसेवा में जुटी है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय कवि ओमप्रकाश चौहान ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज नरेश ढांडा, महासचिव विनोद शर्मा और संयोजक प्रवीण सैनी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शीला सैनी, राजेंद्र सोनी, सुखबीर धर्मराज, लाजपत राय सिंगला और दिनेश बराड़ मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 18:58 IST
जींद: अमर उजाला फाउंडेशन व युवा विकास समिति ने लगाया रक्तदान शिविर #SubahSamachar
