ओम प्रकाश राजभर बोले- स्मार्ट मीटर पर जांच तक नहीं होगा बदलाव

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में बातचीत में स्मार्ट मीटर, महंगाई और आगामी चुनावी रणनीति पर सरकार का पक्ष रखा। स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश में बढ़ते विरोध और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि किसी भी स्थिति में जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा पहले ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे चुके हैं और सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मीटरों में संभावित गड़बड़ी की जांच के लिए समिति गठित की गई है और रिपोर्ट आने तक मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर मीटर उखाड़कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका संबंध विपक्षी दलों से हो सकता है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में वर्तमान में बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है। पहले जहां 5 से 6 घंटे बिजली मिलती थी, वहीं अब 18 से 22 घंटे तक आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उपलब्धता के आधार पर बिजली पहले की अपेक्षा सस्ती है। गैस सिलेंडर की कीमतों पर उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस के दाम अंतर्राष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करते हैं, जबकि सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखने का प्रयास किया है। राजनीतिक सवालों पर मंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी। मंत्रिमंडल विस्तार के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह चर्चा समय-समय पर होती रहती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 04, 2026, 11:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


ओम प्रकाश राजभर बोले- स्मार्ट मीटर पर जांच तक नहीं होगा बदलाव #SubahSamachar