'मुझको राणाजी माफ करना': रावण दरबार में शराब की बोतलें सजाकर किया अश्लील डांस, रामलीला में मर्यादा तार-तार

बुलंदशहर के खानपुर क्षेत्र के गांव अमरपुर में चल रही रामलीला में मर्यादा तार-तार हो गई। पवित्र मंच पर रावण दरबार के सामने शराब की बोतलें सजाकर अश्लील डांस कराया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। वीडियो में मंच पर रावण बने कलाकार और दरबारी बैठे दिख रहे हैं। सामने टेबल पर शराब की बोतलें रखी हैं। एक महिला कलाकार राणा जी माफ करना गाने पर डांस कर रही है। धार्मिक आयोजन में इस तरह की फूहड़ता देखकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सीओ स्याना रामकरन सिंह ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए खानपुर पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। दूसरी ओर, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए। अध्यक्ष समेत किसी भी पदाधिकारी ने कैमरे पर बोलने से इन्कार कर दिया। अध्यक्ष ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जाएगा। रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन में नियमों की धज्जियां उड़ने से क्षेत्र में चर्चा तेज है। अब सभी की नजर पुलिस की जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 18, 2026, 12:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'मुझको राणाजी माफ करना': रावण दरबार में शराब की बोतलें सजाकर किया अश्लील डांस, रामलीला में मर्यादा तार-तार #CityStates #Bulandshahar #RamlaliViralVideo #RamlaliObsceneDance #SubahSamachar