Guna News: गुना जिला अस्पताल में नशे में ड्यूटी करता डॉक्टर, इमरजेंसी वार्ड का वीडियो वायरल
गुना जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉक्टर की हालत देखकर न सिर्फ मरीजों के परिजन, बल्कि अस्पताल प्रशासन भी सकते में आ गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार देर रात का है। वीडियो में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह राठौर अत्यधिक नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। उनकी बातचीत के दौरान जुबान लड़खड़ाती दिखाई दे रही है और वे सामान्य सवालों का भी सही जवाब नहीं दे पा रहे हैं। मरीज का पर्चा उनके हाथ में दिया गया, लेकिन वे उसे पढ़ने में असमर्थ दिखे। इतना ही नहीं, उन्हें यह भी याद नहीं रहा कि मरीज किस वार्ड में भर्ती है। वीडियो में मौजूद लोग डॉक्टर से मरीज के बारे में पूछते हैं, लेकिन डॉक्टर सवाल पूछने वाले व्यक्ति को ही मरीज समझ बैठते हैं। इस दौरान वे यह भी कहते सुने जाते हैं कि सामने खड़े व्यक्ति को दिल में जलन की समस्या है। डॉक्टर की इस स्थिति को देखकर वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में थी, जहां गंभीर और आपात मरीजों का इलाज किया जाता है। जैसे ही यह मामला अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में आया। प्राथमिक स्थिति को देखते हुए डॉक्टर को तत्काल ड्यूटी से हटाकर घर भेज दिया गया, ताकि मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। अस्पताल में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि संबंधित डॉक्टर पहले भी कई बार शराब पीकर अस्पताल आने की आदत को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हालांकि, इस तरह का वीडियो पहली बार सामने आया है, जिससे मामला खुलकर उजागर हुआ है। ये भी पढ़ें-जिम संचालक माज छात्रा से दुष्कर्म और लव जिहाद में गिरफ्तार, मदद करने वाला हवलदार निलंबित इस पूरे प्रकरण पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) और प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और प्रारंभिक तौर पर सात दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. आर.एस. भाटी के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 13:43 IST
Guna News: गुना जिला अस्पताल में नशे में ड्यूटी करता डॉक्टर, इमरजेंसी वार्ड का वीडियो वायरल #CityStates #Guna #MadhyaPradesh #GunaDistrictHospital #DoctorIntoxicated #ViralVideo #EmergencyWard #MedicalNegligence #Cmho #InquiryCommittee #SubahSamachar
