दिल्ली: धूम्रपान छोड़ने के उत्पादों पर सख्ती की तैयारी, निकोटीन गम और लॉजेंज बिना पर्ची के मिलना मुश्किल
धूम्रपान छोड़ने में मदद करने वाले निकोटीन गम और लॉजेंज जैसे उत्पादों की उपलब्धता पर सख्ती बढ़ सकती है। ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (डीटीएबी) ने इन उत्पादों को बिना डॉक्टर की पर्ची के मिलने पर रोक लगाने की सिफारिश की है, जिससे विशेषज्ञों में चिंता बढ़ गई है। प्रस्ताव के अनुसार, केवल बिना स्वाद वाली 2 मिलीग्राम निकोटीन गम को ही कुछ छूट दी जा सकती है, जबकि अन्य गम, लॉजेंज और निकोटीन पैच जैसे उत्पादों पर नियंत्रण कड़ा हो सकता है। इसका मतलब है कि धूम्रपान छोड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के लिए इन उत्पादों तक पहुंच मुश्किल हो सकती है। पीएसआरआई इंस्टीट्यूट ऑफ पल्मोनरी के अध्यक्ष और एम्स दिल्ली में पल्मोनरी विभाग के पूर्व प्रमुख प्रो. डॉ. जीसी खिलनानी ने बताया कि निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) धूम्रपान छोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। यह शरीर को सीमित मात्रा में निकोटीन देता है, जिससे सिगरेट छोड़ने पर होने वाली बेचैनी, चिड़चिड़ापन और ध्यान की कमी जैसे लक्षण कम होते हैं। कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका चौधरी बिंदू ने बताया कि अगर इन उत्पादों की उपलब्धता सीमित हो गई, तो कई लोग दोबारा सिगरेट की ओर लौट सकते हैं। देश में हर साल करीब 13 लाख लोगों की मौत तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण होती है, ऐसे में धूम्रपान छोड़ने के विकल्पों को आसान बनाना जरूरी माना जाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 15:26 IST
दिल्ली: धूम्रपान छोड़ने के उत्पादों पर सख्ती की तैयारी, निकोटीन गम और लॉजेंज बिना पर्ची के मिलना मुश्किल #SubahSamachar
