राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने हरिमंदिर साहिब में टेका माथा

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष सरदार हरदीप सिंह गिल ने गुरुवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेककर देश की खुशहाली, पंजाब की तरक्की और समाज के कमजोर वर्गों की भलाई के लिए अरदास की। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता अमरपाल सिंह बोनी अजनाला सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकने के बाद हरदीप सिंह गिल ने बताया कि वह श्री राम तीर्थ, दुर्गियाना मंदिर और रविदास मंदिर में भी मत्था टेकेंगे। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उन्हें राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद वह अकाल पुरख का धन्यवाद करने यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से मिली है। गिल ने कहा कि केंद्र सरकार सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कई स्थानों पर नगर निगम, स्थानीय निकायों और पंचायतों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन भी पूरा नहीं मिल रहा, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार कर्मचारियों को उनके अधिकार दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान किसी सफाई कर्मचारी के साथ हादसा होने पर पहले 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 30 लाख रुपये कर दिया गया है। यदि कहीं मुआवजा देने में देरी होती है तो आयोग तुरंत कार्रवाई करता है और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाता है। इस मौके पर भाजपा नेता अमरपाल सिंह बोनी अजनाला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हरदीप सिंह गिल को दी गई यह जिम्मेदारी पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गिल इस पद पर रहते हुए गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 05, 2026, 16:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने हरिमंदिर साहिब में टेका माथा #SubahSamachar