सांसद गुरजीत सिंह औजला ने जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज से की मुलाकात

अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज से अहम मुलाकात की। इस दौरान शहर के विकास कार्यों, पर्यावरणीय चुनौतियों और लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात के बाद औजला ने बताया कि अमृतसर एक ऐतिहासिक और धार्मिक शहर है, लेकिन वर्तमान में कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने खास तौर पर शहर के दक्षिणी क्षेत्र में गंदे नालों और कूड़े के डंप से फैल रहे प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और घटती जमीन के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, जिसे प्रशासन और सरकार के समन्वय से सुधारने की जरूरत है। सांसद ने जत्थेदार से अपील की कि शहर के विकास के लिए जरूरी हाईवे और एक्सप्रेस-वे परियोजनाएं, जो फिलहाल रुकी हुई हैं, उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आम जनता और देश-विदेश से गुरु घर में मत्था टेकने आने वाली संगतों की सुविधा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि इस मुद्दे पर किसान संगठनों और ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने में सहयोग किया जाए। धार्मिक मर्यादा पर बोलते हुए औजला ने कहा कि अमृतसर की पवित्रता और उसके सेक्युलर स्वरूप को बनाए रखने के लिए बुद्धिजीवियों की सलाह ली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी, जिसमें उन्होंने गुरु घर के प्रतिनिधियों से मार्गदर्शन लेने का प्रयास किया। एक विशेष पंथक एकत्रता के संबंध में पूछे जाने पर औजला ने कहा कि उसमें उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है और न ही उन्हें इस संबंध में कोई निमंत्रण मिला है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 04, 2026, 11:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सांसद गुरजीत सिंह औजला ने जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज से की मुलाकात #SubahSamachar