नारनौल में सांसद धर्मबीर सिंह ने किया ध्वजारोहण, देशभक्ति से सराबोर हुआ आईटीआई मैदान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नारनौल के आईटीआई मैदान में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। गुरु द्रोणाचार्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी किरारोद की टीम ने शहीद भगत सिंह पर देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। एसडी स्कूल ककरराला, आरएनआर सलीमपुर, वेदांता इंटरनेशनल स्कूल गुलावता, पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल, एएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सूरज स्कूल नारनौल, एमआर मित्रपुरा और आरपीएस सुराणा के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न देशभक्ति गीत, हरियाणवी लोकनृत्य और कव्वाली प्रस्तुत की। सीएल पब्लिक स्कूल नारनौल की टीम ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति के साथ हरियाणवी संस्कृति की शानदार झलक पेश की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 15, 2026, 09:43 IST
नारनौल में सांसद धर्मबीर सिंह ने किया ध्वजारोहण, देशभक्ति से सराबोर हुआ आईटीआई मैदान #SubahSamachar
