वीरों देवल की मां चंडिका प्रत्येक दिन भक्तों को दे रही दर्शन
अगस्त्यमुनि ब्लॉक के वीरों देवल गांव में इन दिनों चंडिका महा बन्याथ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मां चंडिका देवी प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं को दर्शन दे रही है। वीरों देवल में आयोजित चंडिका महाबन्याथ में प्रत्येक दिन एरवालों द्वारा मां चंडिका के निशान ब्रह्म शक्ति को नृत्य कराया जा रहा है। इसके पश्चात देवी के फर्श के साथ भी नृत्य किया जा रहा है। जबकि बलद्यो (विष्णु भगवान) का नृत्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। चंडिका बन्याथ समिति अध्यक्ष डॉ. आशुतोष भंडारी ने बताया कि 21 नवम्बर से बन्याथ आयोजन का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद प्रत्येक दिवस पर भोरकाल में देवल के डिमरी एवं कांडपाल ब्राह्मणों द्वारा पूजा अर्चना तथा पञ्चांग पूजा सम्पन्न की जा रही है। कार्यक्रम के अनुसार देवी पहली देवरा यात्रा संगूर गांव के लिए प्रारंभ की जाएगी। इसके बाद नैणी, पोंडार, क्यार्क, बरसूड़ी होते हुए यात्रा सम्पन्न होगी। जबकि फरवरी माह में यह धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हो जाएगा। सचिव मदन मोहन मोहन डिमरी ने बताया कि यह अनुष्ठान क्षेत्र की खुशहाली, एकता और अखंडता के लिए आयोजित किया जाता है। इस दौरान प्रवासी लोग भारी संख्या में गांव पहुंच रहे हैं। कोषाध्यक्ष राजेश बिष्ट ने बताया कि चंडिका बन्याथ का आयोजन हमारे पूर्वजों द्वारा स्थापित परम्परा है। जिसका निर्वहन आज की युवा पीढ़ी पूरी निष्ठा से कर रही है। और कहीं न कहीं यह सात गांवों की परम्परा को जीवंत रखने की अनोखी पहल है। कहा कि दैवीय शक्तियां हमारी देवभूमि में विराजमान हैं, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण ये धार्मिक आयोजन हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 10, 2025, 20:06 IST
वीरों देवल की मां चंडिका प्रत्येक दिन भक्तों को दे रही दर्शन #SubahSamachar
