Meerut: हस्तिनापुर में बाढ़ से निपटने की तैयारी परखी, भीमकुंड घाट पर हुआ मॉकड्रिल

हस्तिनापुर में आगामी मानसून और संभावित बाढ़ आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मनोहरपुर स्थित भीमकुंड गंगा घाट पर गुरुवार को व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल के दौरान गंगा नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि और बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी बाढ़ दल की टीमों ने मोटरबोट व आधुनिक उपकरणों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत शिविरों तक पहुंचाने तथा नाव दुर्घटना में फंसे लोगों को बचाने का प्रदर्शन किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। राहत शिविर में भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, वैकल्पिक शिक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राजस्व, पुलिस, सिंचाई, अग्निशमन, चिकित्सा, पशुपालन, शिक्षा, जल निगम, नगर निगम, एनसीसी, एनएसएस और आपदा मित्रों सहित कई विभागों ने भागीदारी की। एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने कहा कि आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई से जनहानि को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस तरह की मॉकड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवहारिक बनाना है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 11, 2026, 12:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Meerut: हस्तिनापुर में बाढ़ से निपटने की तैयारी परखी, भीमकुंड घाट पर हुआ मॉकड्रिल #SubahSamachar