करनाल: ई-फार्मेसी के विरोध में मेडिकल स्टोर बंद, मरीज हो रहे परेशान
करनाल में सुबह से ही मेडिकल स्टोर संचालकों की हड़ताल का असर देखने को मिला। शहर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां लेने में परेशानी उठानी पड़ी। ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से ई-फार्मेसी के विरोध में पूरे भारत में हड़ताल का आह्वान किया गया है, जिसके चलते करनाल में भी दवा विक्रेताओं ने दुकानें बंद रखीं। सुबह कुछ मेडिकल स्टोर खुले दिखाई दिए, लेकिन एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य बाजारों में घूमते रहे तथा खुली दुकानों को भी बंद कराया गया। शहर के कई प्रमुख बाजारों में मेडिकल स्टोरों के शटर बंद नजर आए। हालांकि करनाल के आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में कई मेडिकल स्टोर खुले रहे, जहां लोगों ने जाकर दवाइयां खरीदीं। दूसरी ओर सरकारी और निजी अस्पतालों के अंदर संचालित फार्मेसी खुली रहीं, जिससे कुछ मरीजों को राहत मिली। हड़ताल के कारण सबसे अधिक परेशानी नियमित दवाइयां लेने वाले मरीजों को हुई। कई लोग सुबह दवा लेने पहुंचे, लेकिन दुकानें बंद मिलने पर उन्हें लौटना पड़ा। ड्रगिस्ट एसोसिएशन का कहना है कि ई-फार्मेसी के बढ़ते दायरे से छोटे मेडिकल स्टोर प्रभावित हो रहे हैं और इससे दवा कारोबार पर असर पड़ रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 08:39 IST
करनाल: ई-फार्मेसी के विरोध में मेडिकल स्टोर बंद, मरीज हो रहे परेशान #SubahSamachar
