सोनकर बस्ती में लगी भीषण आग, दर्जनों झुग्गियां जलकर राख; VIDEO
बघवा नाला रोड स्थित सोनकर बस्ती में के पास झुग्गी-झोपड़ी में बृहस्पतिवार शाम 4:00 बजे के करीब अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दर्जनों झुग्गी-झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। झुग्गियों में रहने वाले परिवार किसी तरह अपने जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन उनका सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम लालपुर-पांडेयपुर और जैतपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी रहा। इसके अलावा राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर बुलाई गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 23, 2026, 14:31 IST
सोनकर बस्ती में लगी भीषण आग, दर्जनों झुग्गियां जलकर राख; VIDEO #SubahSamachar
