Mandi: गैस सप्लाई न मिलने से भड़के ग्रामीण, झलवाण में खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर किया हाईवे जाम

जोगिंद्रनगर-सरकाघाट-घुमारवीं मार्ग पर झलवाण के पास रसोई गैस की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को गांववासियों ने, जिनमें भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, खाली गैस सिलेंडर सड़क के बीचोंबीच रखकर हाईवे पूरी तरह से बंद कर दिया। इस चक्का जाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने गैस एजेंसी और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि उन्हें इस साल फरवरी माह के बाद से अब तक गैस की सप्लाई नहीं दी गई है। रसोई गैस न होने के कारण महिलाओं को चूल्हे पर खाना पकाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि इस रूट पर गैस की गाड़ियां नहीं आती हैं। गैस से भरे ट्रक रोजाना इसी सड़क से होकर गुजरते हैं, लेकिन उनके गांव (झलवाण) में गैस की सप्लाई नहीं उतारी जा रही है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मजबूरन उन्हें चक्का जाम करने का फैसला लेना पड़ा। सड़क पर उतरे गांववासियों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसी को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि कल तक उनके गांव में गैस की सप्लाई सुचारू नहीं की गई, तो वे इससे भी कठोर कदम उठाने से गुरेज नहीं करेंगे और इसके लिए पूरी तरह से प्रशासन जिम्मेदार होगा। इस प्रदर्शन के चलते कुछ घंटों तक जोगिंद्रनगर-सरकाघाट-घुमारवीं मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 20, 2026, 14:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Mandi: गैस सप्लाई न मिलने से भड़के ग्रामीण, झलवाण में खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर किया हाईवे जाम #SubahSamachar