Mandi: रसोई गैस सिलिंडर के वजन में घोटाला, भूपेंद्र सिंह ने उठाई जल्द जांच की मांग
रसोई गैस की किल्लत के दौरान सिलिंडर के वजन में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जिसमें खाली गैस सिलिंडर का वजन निर्धारित वजन से 3.03 किलो ज्यादा पाया गया है। पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सज्याओपीपलू पंचायत के गदोहल निवासी जो भराड़ी में दुकान करते हैं उन्होंने इस बारे उन्हें सूचित किया और इसकी विभागीय जांच करवाने में कार्यवाई करवाने का अनुरोध किया है। उपभोक्ता राजेश कुमार को सप्लाई किए एक खाली सिलिंडर का वजन तराजू से किया तो वह निर्धारित वजन से तीन किलो ज्यादा पाया गया। खाली रसोई गैस सिलेंडर का वजन 14.2 किलो होता है जो की सभी सिलिंडरों पर प्रिंट किया होता है लेकिन जो सिलिंडर उनके पास है जब उसे तोला गया तो उसका वजन 17.4 किलो है और इसे उन्होंने बतौर सबूत सुरक्षित रखा हुआ है। इससे ऐसा लगता है कि यदि अन्य सिलिंडरों का वजन भी इतना ही होता होगा तो लाखों उपभोक्ताओं को कंपनियों द्वारा लूटा जा रहा है और विभाग इसके बारे में या बेखबर है या कंपनियों के साथ मिलीभगत करके बड़े पैमाने पर पैसा कमाने का काम कर रहा है। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडरों की नियमित रूप में जांच नहीं हो रही होगी तभी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिसमें एक सिलेंडर में 3 किलो कम गैस उपभोक्ताओं को सप्लाई की जा रही है। उन्होंने विभाग से इसकी उच्च स्तरीय जांच करने की तुरंत मांग की है और इन ज्यादा वजन वाले सिलिंडरों की सप्लाई करने वाले डिट्रिब्यूटर और कंपनियों पर कानूनी कार्यवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस बारे स्थानीय प्रशासन व सिविल सप्लाई विभाग को भी शिकायत दर्ज कराई है कि भराड़ी में बतौर सबूत रखे इस सिलिंडर को सबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्य्म से तुरंत कब्जे में लेकर जांच करवाई की जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 10:12 IST
Mandi: रसोई गैस सिलिंडर के वजन में घोटाला, भूपेंद्र सिंह ने उठाई जल्द जांच की मांग #SubahSamachar
