Mandi: भराड़ी माता मंदिर में चोरी, 3 किलो चांदी का छत्र और सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

सुंदरनगर उपमंडल के सलापड़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भराड़ी माता मंदिर में चोरों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए माता के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में करीब 3 किलो वजनी चांदी का छत्र, लगभग एक तोला सोने की बालियां तथा करीब आधा किलो चांदी की पीढ़ी शामिल है। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर के हाल में पुजारी सुरेश कुमार, मंदिर सचिव कर्मचंद, बाहर से आए एक पंडित सहित अन्य श्रद्धालु सो रहे थे। इसके बावजूद चोर बेहद शातिर तरीके से मंदिर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पंचायत प्रधान रजनीश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मुख्य रास्ते के बजाय मंदिर के किनारे बने अस्थायी मार्ग पर तीन लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में तीन चोर शामिल थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने माता की मुख्य प्रतिमा के बाहर लगे शीशे और एल्यूमिनियम के दरवाजे का ताला खोलकर आभूषण चुराए। जिस समय चोरी हुई, उस दौरान मंदिर के सीसीटीवी कैमरे चार्जिंग के लिए बंद थे और बिजली आपूर्ति भी बंद थी, जिससे वारदात कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। हालांकि, आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे एनटीपीसी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि शिकायत मिलते ही सलापड़ पुलिस चौकी की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 10:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Mandi: भराड़ी माता मंदिर में चोरी, 3 किलो चांदी का छत्र और सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर #SubahSamachar