कुल्लू: स्वच्छता का संदेश लेकर दौड़ा मनाली, चौथी मैराथन में 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

पर्यटन नगरी मनाली में रविवार को फिटनेस और स्वच्छता का संदेश लेकर देश-विदेश से आए धावक सड़कों पर दौड़े। चौथी मनाली मैराथन में 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर आयोजन को सफल बनाया। मैराथन में पुलिस अधीक्षक और एसडीएम मनाली ने भी दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। मैराथन के तहत पांच और दस किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा रन फॉर फन में बच्चों और उनके परिजनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस बार मनाली मैराथन को केवल खेल और फिटनेस तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। आयोजन में कचरा एकत्रित करने वाले प्रतिभागियों को मुफ्त एंट्री दी गई। इस पहल का उद्देश्य लोगों को पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना रहा। एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि मैराथन का आयोजन शानदार रहा। इस बार फिटनेस और स्वच्छता को विशेष रूप से आयोजन से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि कचरा एकत्रित करने वाले प्रतिभागियों को निशुल्क प्रवेश देकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। मनाली में आयोजित इस मैराथन ने एक बार फिर साबित किया कि खेल गतिविधियों के माध्यम से भी समाज को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 02, 2026, 05:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


कुल्लू: स्वच्छता का संदेश लेकर दौड़ा मनाली, चौथी मैराथन में 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा #SubahSamachar