नारनौल: स्किल डेवलपमेंट से ही खुलेगा रोजगार का रास्ता: मेजर जनरल डॉ. अरविंद यादव
मेजर जनरल डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री के आधार पर करियर बनाना कठिन हो गया है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ स्किल (कौशल) पर विशेष ध्यान देना होगा, तभी वे भविष्य में सफल हो सकेंगे। मेजर जनरल डॉक्टर अरविंद यादव शनिवार को राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली में आयोजित मोटिवेशन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यावहारिक ज्ञान और कौशल के बिना रोजगार पाना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था का उदाहरण देते हुए बताया कि प्राइमरी, सेकेंडरी और सर्विस सेक्टर में रोजगार की स्थिति अलग-अलग है। प्राइमरी सेक्टर में अधिक आबादी होने के बावजूद योगदान कम है, जबकि सर्विस सेक्टर में कम लोग काम करते हुए भी अधिक योगदान दे रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में सर्विस सेक्टर में ही रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। मेजर जनरल ने सॉफ्ट स्किल और हार्ड स्किल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि कम्युनिकेशन स्किल, पर्सनालिटी डेवलपमेंट और इंटरव्यू की तैयारी आज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर महिला महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार, महाविद्यालय प्राचार्य राजेश सैनी, डॉ. संजय कुमार, अनिल कालिया, सतीश डीएसपी, तेज प्रकाश, नरपत, असीम राव, सियाराम, श्रवण कुमार, सुरेंद्र पटवा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 04, 2026, 20:54 IST
नारनौल: स्किल डेवलपमेंट से ही खुलेगा रोजगार का रास्ता: मेजर जनरल डॉ. अरविंद यादव #SubahSamachar
