गुरुग्राम: सेवानिवृत्त कर्नल के मकान में चाकू और पेचकस की नोक पर लूट, 30 मिनट तक बंधक बनाकर रखा
गुरुग्राम। पालम विहार थाना इलाके के सेक्टर-23 में सेवानिवृत्त कर्नल के मकान में चाकू, पेचकस की नोक पर लूट का मामला सामने आया है। चार नकाबपोश बदमाशों ने सेवानिवृत्त कर्नल के पहली मंजिल पर रहने वाले बेटे-बहू व 11 साल का पोती को लगभग 30 मिनट तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान बदमाशों ने 8 हजार रुपये नकद, सोने व डायमंड की जूलरी लूटी और भाग गए। सेक्टर-23 के मकान नंबर 237 में ग्राउंड फ्लोर पर सेवानिवृत्त कर्नल सी एल जैन अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। पहली मंजिल पर उनका बेटी विकास जैन, अपनी पत्नी राखी और 11 साल की बेटी के साथ रहते हैं। बुधवार 3 जून की रात को तीनों पहली मंजिल पर थे। देर रात विकास अपने कमरे में सो गए और अंदर से कुंडी रूटीन में लगा ली। दूसरे कमरे में उनकी पत्नी व बेटी सो रहे थे। देर रात लगभग पौने 3 बजे तीसरे कमरे की खिड़की में लगी ग्रिल काटकर एक बदमाश पहले अंदर घुसा। उसने कुंडी खोली और पीछे की बालकनी से एक-एक कर चारों अंदर आए और कमरे की अलमारियां आदि खंगालने लगे। कुछ देर बाद चारों नकाबपोश बगल के कमरे में गए जहां राखी व बेटी सो रहे थे। चारों बदमाशों ने इन्हें बंधक बनाया। राखी ने विरोध जताया लेकिन आरोपियों ने मां-बेटी को चाकू व पेचकस की नोक पर बंधक बना लिया। इनके कमरे की अलमारियों को खंगाला और जूलरी लूटी। इनकी पहनी हुई सोन-डायमंड की ईयरिंग्स, नोजपिन, कंगन तक भी बदमाशों ने उतरवा लिए। लगभग 20 मिनट बाद आरोपियों ने विकास का कमरा खुलवाया और उसी कमरे में फिर तीनों को बंधक बना लिया। विकास ने बताया कि आरोपी पूछते रहे कि नीचे कौन रहता है, बगल वाले मकान में कौन रहता है। लगभग 10 मिनट तक इस कमरे में भी बंधक बनाकर रखा। तीन मोबाइल भी आरोपियों ने लूटे और पुलिस या मीडिया में जाने पर जान से मारने की धमकी देकर पिछले रास्ते से ही निकल गए। आरोपियों के जाने के 10 मिनट बाद तीनों ने होश संभाला और विकास जैन ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। विकास के अनुसार वो 3-4 मिनट बाद नीचे गए तो एक पीसीआर जाती दिखी। उसे उन्होंने रुकवाकर मदद मांगी। पुलिसकर्मियों को तब तक पता ही नहीं था कि लूट की कॉल हुई है। इसके बाद पुलिस की टीमें व आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्कवॉड व अन्य टीमों ने भी मामले में जांच की। एसीपी उद्योग कुलदीप सिंह ने बताया कि पालम विहार थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में टीमें जांच कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 16:38 IST
गुरुग्राम: सेवानिवृत्त कर्नल के मकान में चाकू और पेचकस की नोक पर लूट, 30 मिनट तक बंधक बनाकर रखा #SubahSamachar
