लखनऊ में तीन फीट पानी में डूबी सड़क, लोगों की बढ़ी परेशानी
लखनऊ में लाला लाजपत राय वार्ड के अंतर्गत सब्जी मंडी डिवाइडर रोड से पंपिंग स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया है। जलभराव के कारण जानकीपुरम सेक्टर सी कॉलोनी के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सेक्टर सी का बड़ा हिस्सा जलभराव की चपेट में आ जाता है। सड़क पर कई फीट पानी जमा होने से पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है, वहीं दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। वार्ड के पार्षद राघव राम तिवारी ने बताया कि जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए छोटे नाले का प्रस्ताव दिया गया है। नाले का निर्माण होने के बाद सेक्टर सी में जमा होने वाले बारिश के पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी। इससे हर बारिश में होने वाले जलभराव से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 16, 2026, 15:09 IST
लखनऊ में तीन फीट पानी में डूबी सड़क, लोगों की बढ़ी परेशानी #SubahSamachar
