लखनऊ में रमजान-होली को लेकर मड़ियांव थाने में पीस कमेटी की बैठक
लखनऊ में रमजान और होली के मद्देनजर नॉर्थ जोन के अंतर्गत आने वाले थानों की संयुक्त पीस कमेटी की बैठक शनिवार को मड़ियांव थाने में आयोजित की गई। बैठक डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुई। डीसीपी नॉर्थ ने सभी धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि दोनों पर्वों को प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान ओम प्रकाश लोधी ने पिछले वर्ष दूसरे समुदाय के युवक द्वारा होलिका दहन से जुड़े मुद्दे को उठाया। इस पर डीसीपी नॉर्थ ने आश्वस्त किया कि संवेदनशील स्थानों पर पहले से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इटौंजा से आए एक व्यक्ति ने क्षेत्र में देर रात तक खुलने वाली देशी शराब की दुकानों का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। डीसीपी नॉर्थ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एडीसीपी नॉर्थ ऋषभ रुणवाल, एसीपी अलीगंज शशि कुमार मिश्रा, एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह सहित जोन के 11 थानों के प्रभारी निरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 20:09 IST
लखनऊ में रमजान-होली को लेकर मड़ियांव थाने में पीस कमेटी की बैठक #SubahSamachar
