लखनऊ में खाना बनाते समय सिलेंडर में ब्लास्ट, उड़ गया टिनशेड; भरभराकर गिरी दीवार
लखनऊ में मड़ियांव थाना क्षेत्र के बड़ा खुदान मोहल्ले में शनिवार रात गैस सिलेंडर में आग लगने से ब्लास्ट हो गया। प्रथम तल पर खाना बनाते समय सिलेंडर में आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाके से छत पर पड़ी टीनशेड उड़ गई। दीवार भरभराकर गिर पड़ी। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के लोग घर से बाहर निकल गए। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। बड़ा खुदान निवासी वाहिदा खातून अपने पति इरफान, बेटे खुदा बक्श और बेटी पलक के साथ प्रथम तल पर रहती हैं, जबकि भूतल पर उनकी मां जाहरूनिशा और छोटी बहन शाहिदा रहती हैं। इरफान ऑटो चालक हैं। वाहिदा ने बताया कि शनिवार रात वह रसोई में खिचड़ी बना रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे बैठे थे। इसी दौरान गैस लीकेज के कारण सिलेंडर में अचानक आग लग गई। उन्होंने शोर मचाकर बहन शाहिदा को बुलाया। दोनों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होती चली गईं। स्थिति बिगड़ती देख दोनों नीचे भागीं और मां व बच्चों के साथ घर से बाहर निकल आईं। कुछ ही देर बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। विस्फोट से छत पर लगी टीनशेड उखड़कर दूर जा गिरी और एक दीवार ढह गई। सड़क पर टीनशेड गिरने से कोई राहगीर चपेट में नहीं आया। सूचना पर मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग से घर का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 11:06 IST
लखनऊ में खाना बनाते समय सिलेंडर में ब्लास्ट, उड़ गया टिनशेड; भरभराकर गिरी दीवार #SubahSamachar
