लखनऊ में बंद मकान से लाखों की चोरी, लोगों ने दो चोरों को रंगे हाथ दबोचा, जमकर धुना
राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बेखौफ चोरों ने एक थोक किराना व्यापारी के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। हालांकि वारदात के दौरान आसपास के लोगों ने दो आरोपियों को मौके से दबोच लिया और उनकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर फरार साथियों की तलाश में जुटी है। बंथरा बाजार निवासी संतोष कुमार गुप्ता का थोक किराना कारोबार है। उन्होंने बताया कि सोमवार को उनके भतीजे प्रियांशु गुप्ता की हल्दी-मेहंदी की रस्म काकोरी थाना क्षेत्र के मोहन रोड स्थित घुरघुरी तालाब के पास अभिनंदन रिसोर्ट में आयोजित थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरा परिवार घर में ताला लगाकर गया था। संतोष के अनुसार, रात करीब दो बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दो कमरों में रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी, लगभग 300 ग्राम सोने और दो किलोग्राम चांदी के जेवरात गायब मिले। इसी दौरान आसपास के लोगों ने घर के भीतर मौजूद दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। लोगों ने उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के मकबरा निवासी मोनिस अब्बास और मोहम्मद आसिफ के रूप में बताई। मौके से दोनों के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद और करीब 100 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद हुए। ग्रामीणों से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में उनके कुछ अन्य साथी भी शामिल थे, जो चोरी की नकदी और जेवरात लेकर कार से फरार हो गए। संतोष का कहना है कि आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी भी मिली है। बंथरा पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 11:28 IST
लखनऊ में बंद मकान से लाखों की चोरी, लोगों ने दो चोरों को रंगे हाथ दबोचा, जमकर धुना #SubahSamachar
