सात दिनों में दूसरी बार पकड़ी गई एक करोड़ से ज्यादा की शराब, कागज की गुल्ली के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे बिहार; VIDEO

पीडीडीयू नगर जिले में मात्र सात दिनों के अंदर दूसरी बार एक करोड़ से ज्यादा की अवैध शराब पकड़ी गई है। सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने सोमवार को हाईवे पर एक ट्रक में कागज की गुल्ली के नीचे छिपाकर नाएडा से बिहार ले जाई जा रही 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया। जिसकी अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ है। दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। 3 मार्च को भी अलीनगर पुलिस ने 1.68 करोड़ रुपये की अवैध शराब पकड़ी थी। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 9 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट व सर्विलांस टीम ने एनएच-19 हाइवे पर ग्राम जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। करीब 25 से 30 मिनट बाद चंदौली की ओर से आ रहे राजस्थान नंबर लिखी ट्रक रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के आगे की तरफ कागज की बनी गुल्ली (जिसमें धागा लपेटा जाता है) रखी हुई थी। जब पुलिस ने उसे हटाकर अंदर जांच की तो उसके नीचे बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब की बोतलों पर फोर सेल इन पंजाब वनली अंकित था। पूछताछ में पता चला कि शराब को दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाया जा रहा था। मौके से ट्रक चालक हरिश्चन्द्र निवासी नगला इतवारी थाना भोगांव जनपद मैनपुरी और परिचालक अंकित निवासी मिसौरा थाना भोगांव जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 12, 2026, 19:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सात दिनों में दूसरी बार पकड़ी गई एक करोड़ से ज्यादा की शराब, कागज की गुल्ली के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे बिहार; VIDEO #SubahSamachar