कीरतपुर साहिब पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी चोट, डेढ़ किलो अफीम समेत 3 काबू
नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कीरतपुर साहिब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ किलो अफीम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा कार भी बरामद की है। तीनों आरोपी जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी देते हुए थाना कीरतपुर साहिब के इंस्पेक्टर राहुल शर्मा ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख श्री मनिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी श्री आनंदपुर साहिब जशनदीप सिंह मान की निगरानी में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम को नशा तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने नहर की पटड़ी के पास गांव भगवाला के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध इनोवा कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोतीलाल उर्फ मोती पुत्र शोभूराम, निवासी वार्ड नंबर-5, थाना सेहज, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश; सुभाष चंद्र पुत्र भागचंद, निवासी जिला कुल्लू तथा बीरू पुत्र तुलाराम, निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। इंस्पेक्टर राहुल शर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 19:41 IST
कीरतपुर साहिब पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी चोट, डेढ़ किलो अफीम समेत 3 काबू #SubahSamachar
