कानपुर: श्री बाला जी सरकार मंदिर में होली उत्सव की धूम, सुंदरकांड पाठ का हुआ आयोजन
रूमा सलेमपुर स्थित श्री बाला जी सरकार मंदिर में होली पर्व का आयोजन भक्तिमय वातावरण में हुआ। जहां विश्वविख्यात मानस मयंक पंडित अजय याज्ञनिक ने सुंदरकांड का पाठ कर युवाओं को जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी प्रवृत्ति होती है यदि हम अच्छा दिखाएंगे तो सामने वाला भी वैसा ही करेगा। होली उत्सव भगवान की शरण में आकर उनके प्रेम और भक्ति रंग में रंगकर मनाना चाहिए। होलिका दहन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जैसे होलिका दहन से बुराई का अंत होता है वैसे ही हमारे अंदर के विकार भी समाप्त होने चाहिए और हमारे भीतर प्रहलाद जैसी भक्ति का जन्म होना चाहिए। कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने सहज और विनम्र जीवन जीने की सीख दी तथा हनुमान जी की भक्ति करते हुए सतमार्ग पर चलने का आह्वान किया। मंदिर परिसर में भक्तों ने भक्ति गीतों और रंगों के साथ उत्सव का आनंद लिया और भगवान के चरणों में कामना की कि समाज में प्रेम और सद्भावना का रंग सदा बना रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से प्रल्हाद दास गुप्ता, मनोज सेंगर, हरि किशन चौखानी, राधेश्याम शर्मा, मनोज अग्रवाल, कमल राज गुप्ता सहित सैकड़ो की संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 01, 2026, 17:45 IST
कानपुर: श्री बाला जी सरकार मंदिर में होली उत्सव की धूम, सुंदरकांड पाठ का हुआ आयोजन #SubahSamachar
