कानपुर: सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का कठिन रहा पेपर, हीटवेव में शिकंजी दुकानों पर उमड़े अभ्यर्थी
कानपुर के गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने परीक्षा पैटर्न को पिछले तीन वर्षों की तुलना में अधिक कठिन बताया। अभ्यर्थियों के मुताबिक इस बार डिसीजन मेकिंग और एनवायरमेंट इकोनॉमिक्स से जुड़े प्रश्नों ने उन्हें काफी उलझाया। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर थकान और गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। कन्नौज, फर्रुखाबाद, जालौन, इटावा, उरई समेत कई जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नों का स्तर अपेक्षा से कठिन था और कई सवाल विश्लेषणात्मक थे। भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का जमावड़ा केंद्र के बाहर लगी शिकंजी और ठंडे पेय की दुकानों पर लग गया। धूप और उमस से परेशान अभ्यर्थी राहत पाने के लिए शिकंजी पीते नजर आए। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाओं की जरूरत महसूस हुई। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने परेशानी और बढ़ा दी। इसके बावजूद अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह बना रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं बाहर निकलकर प्रश्नपत्र पर चर्चा करते दिखाई दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 24, 2026, 12:53 IST
कानपुर: सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का कठिन रहा पेपर, हीटवेव में शिकंजी दुकानों पर उमड़े अभ्यर्थी #SubahSamachar
