कानपुर: एप बनाएगी कस्टमाइज्ड डाइट चार्ट, वेबसाइट रखेगी खाने और पैसे का हिसाब
आपकी पार्टी में कितने लोग आ रहे हैं और कितना खाना लगेगा या पार्टी के बजट का खर्च कहां कहां हो रहा है, इसकी जानकारी अब वेबसाइट के माध्यम से मिलेगी। यही नहीं, अब आपके फोन की ऐप आपको उम्र के हिसाब से आपकी डाइट प्लान बनाकर देगी। कुछ ऐसे ही बिजनेस आइडिया के साथ एलेनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रूमा में इनोवेशन हब, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के सहयोग से इनोवेटिव एंड एलीवेट-2026 में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रदेश भर के 13 संस्थानों की 40 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया था। 23 और 24 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन फ्रॉम प्रोटोटाइप टू प्रॉफिटेबल स्टार्टअप विषय पर पैनल चर्चा में स्टार्टअप को व्यावसायिक रूप देने और वित्तीय व्यवहार्यता पर चर्चा हुई। इसके बाद फ्रॉम आइडिया टू स्टार्टअप कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्पाद विकास और बिजनेस मॉडल की प्रक्रिया समझी। कार्यक्रम में ग्रीनवियर, स्टूफिट ग्रुप और क्रिएटिव इंडिया के साथ तीन एमओयू किए गए। दूसरे दिन एमा हर्बल लैबोरेट्रीज और भारत हेम्प एग्रो के साथ भी समझौते हुए। दूसरे दिन फाउंडर-स्टूडेंट इंटरेक्शन में एमा हर्बल लैबोरेट्रीज ग्रुप के सह-संस्थापक एवं सीईओ डॉ. यावर अली शाह ने उद्यमिता के अनुभव साझा किए। प्रोटोटाइप प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में लखनऊ विश्वविद्यालय के शरद सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये मिले। एलेनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की हकरा जहीर, नीलू तिवारी और सानिया नाज को 10 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के हर्ष सिंह, अविरल सिंह और चित्रांशु शर्मा को सात हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में निदेशक इंजीनियरिंग प्रो. मनोज कुमार मिश्रा, एडिशनल डायरेक्टर प्रो. अतुल चतुर्वेदी, प्रशासनिक निदेशिका डॉ. रूबी चावला, प्रबंध निदेशक प्रो. पुनीत राय, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. देव सिंह, सह समन्वयक माधवेंद्र सिंह सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 16:05 IST
कानपुर: एप बनाएगी कस्टमाइज्ड डाइट चार्ट, वेबसाइट रखेगी खाने और पैसे का हिसाब #SubahSamachar
