Kangra: अक्षय तृतीया व परशुराम जयंती पर ज्वालामुखी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर शक्तिपीठ ज्वालामुखी में रविवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं और दिनभर लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस शुभ अवसर पर मुंडन संस्कार का विशेष महत्व रहा। सुबह 10 बजे निर्धारित शुभ मुहूर्त में सैकड़ों बच्चों का मुंडन संस्कार संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में आस्था जताई। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने स्वयं गर्भगृह में व्यवस्थाओं की कमान संभाली और श्रद्धालुओं को सुचारू व पंक्तिबद्ध तरीके से दर्शन करवाए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई थीं। सुरक्षा के दृष्टिगत मंदिर परिसर में कड़ी निगरानी रखी गई और असामाजिक तत्वों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पैनी नजर रखी गई। त्योहार के चलते ज्वालामुखी के बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण दुकानों पर रौनक रही और व्यापारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। दिनभर क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बना रहा। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 13:33 IST
Kangra: अक्षय तृतीया व परशुराम जयंती पर ज्वालामुखी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन #SubahSamachar
