शादी की तैयारी में जुटे किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी गिरफ्तार, युवती बोली- 10 साल तक बनाया शारीरिक संबंध
कबीरधाम जिले की राजनीति में उस वक्त भूचाल आ गया, जब किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने शादी से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया। उनकी शादी 7 तारीख को तय थी और घर में कार्ड वितरण से लेकर बारात की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी बीच कवर्धा महिला थाना में दर्ज शिकायत ने पूरा मामला पलट दिया। एक युवती ने महिला थाना पहुंचकर रवि चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर करीब 10 वर्षों तक शारीरिक शोषण किया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कवर्धा के डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि युवती ने लिखित आवेदन में कहा है कि साल 2016 से आरोपी ने शादी का वादा कर संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।रविवार को पुलिस ने रवि चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इधर, शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम को पता चला कि आरोपी अपने घर पर नहीं है। रायपुर में जानकारी मिलने के बाद कबीरधाम पुलिस की टीम वहां गई थी। कल शनिवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर कवर्धा महिला थाना लाया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 26, 2026, 13:08 IST
कबीरधाम : शादी की तैयारियों में जुटे किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी गिरफ्तार, युवती का आरोप- 10 साल तक किया शारीरिक शोषण #SubahSamachar
